पवई- मोलानीपुर गांव में लाखों की चोरी, नगदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर!

SHARE:

हौसला बंद चोर दे रहे घटना को अंजाम…

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर बाजार के मोलानीपुर गांव में बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की नगदी और जेवरात पार कर दिए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी धर्मजीत यादव पुत्र स्व. रामबरन यादव का परिवार रात में खाना खाकर बरामदे में बने कमरे में सो रहा था। उसी दौरान चोर घर के पीछे बने शौचालय पर चढ़कर छत के सहारे आंगन में लगी सीढ़ी से नीचे उतरकर कमरे तक पहुंचे। चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे तीन सोने की चैन, एक हार, चार अंगूठी, एक झुमका, एक मांगटीका, एक नथिया, एक चांदी का छागल और 35 हजार रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग आठ लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना के दौरान परिजनों को बाइक की आवाज सुनाई दी, लेकिन जब तक वे अंदर पहुंचे, चोर सामान लेकर फरार हो चुके थे। परिजनों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस चौकी प्रभारी को सूचना दी।पवई थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment