बहादुर महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित…
उत्तर प्रदेश। के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर त्योहारी सीजन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार की देर शाम आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक (एसआई) प्रियंका तिवारी ने महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण के साथ-साथ महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी महिला को यदि कोई समस्या आती है, तो वह बेझिझक पुलिस में शिकायत कर सकती है। शिकायतकर्ता का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। इसके साथ ही बहादुर महिलाओं और बच्चियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

इस अवसर पर महिला कांस्टेबल सपना तिवारी, कांस्टेबल किरण पाल, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव सहित स्थानीय महिलाएं व बच्चियां मौजूद रहीं। पुलिस विभाग ने नवरात्र और रामलीला के आयोजनों के दौरान महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के लिए विशेष जिम्मेदारी महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी है।




