best news portal development company in india

आजमगढ़: हत्या के दो मामलों में 15 आरोपियों को आजीवन कारावास, पैरवी करने वाले 7 पुलिसकर्मी सम्मानित!

SHARE:

ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान से पुलिस को मिल रही सफलता…..

आजमगढ़, 9 मार्च 2026। जनपद में हत्या के दो अलग-अलग मामलों में कुल 15 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सात पुलिसकर्मियों को सोमवार को पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत सराहनीय कार्य करने वाले इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पहला मामला थाना मुबारकपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 87/2002 से जुड़ा है। इस प्रकरण में न्यायालय ने अफजाल, अलाउद्दीन, दिलशाद, वसीम अहमद, हुसैन अहमद, मोहम्मद अय्यूब फैजी, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मोहम्मद याकूब, अली जहीर और इरशाद अहमद को दोषी करार देते हुए सभी को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर 66,500 रुपये का अर्थदंड लगाया। इन आरोपियों को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले चार पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दूसरा मामला थाना मेहनाजपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 706/2014 का है। इस प्रकरण में रोहित उर्फ कमलेश कुमार, सरजू राम और डम्पी सिंह उर्फ तेज प्रताप सिंह को न्यायालय ने हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही रोहित और सरजू राम पर 25-25 हजार रुपये तथा डम्पी सिंह पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस मामले में प्रभावी पैरवी करने वाले तीन पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मानित पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी गजानन सरोज, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी इमरान अंसारी, आरक्षी कुलदीप पटेल, आरक्षी श्री प्रकाश यादव तथा आरक्षी तरुण पाण्डेय शामिल हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठ और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment