best news portal development company in india

आजमगढ़ में मजिस्ट्रेट लिखी स्कॉर्पियो की टक्कर से ठेला व्यवसायी की मौत, चालक गिरफ्तार!

SHARE:

नशे की हालत में स्कॉर्पियो चला रहे चालक ने ठेले पर मारी थी तक़्कर आरोपी चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार….

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक ठेला व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित नगरवासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

मृतक हरेंद्र सोनकर (फाइल फोटो)
मृतक हरेंद्र सोनकर (फाइल फोटो)

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत अजमतगढ़ के वार्ड संख्या 03 जानकीपुरम निवासी हरेंद्र सोनकर (43) सोमवार रात करीब 10:30 बजे छोला-फुल्की बेचकर घर लौट रहे थे। गोगा साव मूर्ति के पास विपरीत दिशा से आ रही एक स्कॉर्पियो, जिस पर पीछे “सेक्टर मजिस्ट्रेट” लिखा था, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरेंद्र सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में चार-पांच लोग सवार थे और चालक कथित रूप से नशे में था।

घटना के बाद बाजारवासियों ने चालक समेत स्कॉर्पियो को पकड़ लिया और जीयनपुर-अजमतगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर चौकी इंचार्ज अजय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में कोतवाल राजकुमार सिंह के कार्रवाई और गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन हरेंद्र को निजी अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में माता ओरिया देवी, पत्नी गायत्री देवी तथा पुत्र अमन (17), विपिन (12) और पुत्रियां अंशिका (16), रिशु (14) व नीतू (10) हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में मृतक के पुत्र अमन सोनकर की तहरीर पर थाना जीयनपुर में स्कॉर्पियो संख्या UP70HB7888 के चालक भरत सिंह पुत्र रामविनय सिंह, निवासी भटौली इब्राहिमपुर, थाना जीयनपुर के विरुद्ध मु0अ0सं0 104/2025 धारा 281/106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भरत सिंह, जो होमगार्ड के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है, को गोगा साव तिराहा, अजमतगढ़ से रात करीब 10:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक अजय यादव द्वारा की जा रही है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों में आरोपी चालक के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment