best news portal development company in india

आजमगढ़: होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 नमूने भरे, 813 किलो खाद्य पदार्थ जब्त!

SHARE:

जिले में फल फूल रहे मिलावट खोरी के धंधे पर कड़ी कार्रवाई…..

आजमगढ़, 27 फरवरी 2026। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) आजमगढ़ श्री सुशील कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन दल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 9 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए तथा बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त कर सीज की।

अभियान के तहत जुनैदगंज से छेना मिठाई का एक नमूना, हुसैनगंज से बूंदी का लड्डू, मुसेपुर से रिफाइंड सोयाबीन तेल और बूंदी लड्डू, कालीनगंज से भीम लड्डू, शुगर बॉयल्ड कन्फेक्शनरी एवं चोकोबिन्स के नमूने लिए गए। इसके साथ ही 80 किलोग्राम कन्फेक्शनरी (अनुमानित मूल्य 10,800 रुपये) को जब्त कर सीज किया गया।

एक अन्य सचल दल ने निजामाबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मैदा और रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना भरा तथा 733 किलोग्राम (49 टिन) रिफाइंड सोयाबीन तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 1,06,000 रुपये बताई गई, जब्त कर सीज कर दिया। विभाग के अनुसार, अब तक चलाए जा रहे अभियान में कुल 44 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। साथ ही एक खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार हेतु नोटिस भी जारी किया गया है।

अभियान के दौरान खाद्य सचल प्रयोगशाला टीम ने हुसैनगंज, छतवारा और जुनैदगंज क्षेत्रों में खाद्य कारोबारियों और आम लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली तक यह छापेमार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी ‘बेस्ट बिफोर’ और एक्सपायरी तिथि अवश्य जांच लें तथा अत्यधिक चमकीली और रंगीन मिठाइयों व खाद्य पदार्थों से परहेज करें।

छापेमार दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविंद यादव, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, बेबी सोनम और राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment