best news portal development company in india

गुजरात में अखिल भारतीय समुद्री तैराकी प्रतियोगिता में आजमगढ़ की पैरा तैराक जिया राय ने रचा इतिहास

SHARE:

35वीं वीर सावरकर अखिल भारतीय समुद्री तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन……

आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के कटाई अलीमुद्दीन गांव की रहने वाली 18 वर्षीय पैरा तैराक जिया राय ने 25 फरवरी 2026 को आयोजित 35वीं वीर सावरकर अखिल भारतीय समुद्री तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 16 समुद्री मील (लगभग 28 किमी) की दूरी मात्र 6 घंटे 10 मिनट में पूरी की।

प्रतियोगिता की शुरुआत आद्री तट से होकर गुजरात के वेरावल में हुई। इस प्रतिष्ठित आयोजन का संचालन गुजरात सरकार का खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग द्वारा किया गया। वर्ष 1967 से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में सामान्य वर्ग के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए जिया राय भारत की पहली महिला पैरा तैराक बनीं, जिन्होंने इस समुद्री रेस में भाग लेकर इसे सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्हें जिला युवा एवं विकास अधिकारी गिर सोमनाथ एच.डी. मखवाना द्वारा प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में सात बालिकाओं और 18 बालकों ने हिस्सा लेकर रेस पूरी की।

ऑटिज़्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से जूझ रहीं जिया राय खुले पानी में तैराकी की विश्व रिकॉर्ड धारक हैं। इससे पहले वह 2022 में पाक स्ट्रेट, 2024 में इंग्लिश चैनल और 2025 में कैटालिना चैनल को सफलतापूर्वक पार कर चुकी हैं। वह इंग्लिश चैनल, कैटालिना चैनल और पाक स्ट्रेट को पार करने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र और सबसे तेज महिला पैरा तैराक हैं। चैनल तैराकी के 150 वर्षों के इतिहास में जिया राय ऑटिज़्म स्पेक्ट्रम विकार से ग्रसित पहली लड़की हैं, जिन्होंने इंग्लिश चैनल और कैटालिना चैनल दोनों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

उन्हें वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, 2023 में विकलांगता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार तथा 2024 में वर्ल्ड ओपन वॉटर स्विमिंग एसोसिएशन अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

जिया राय की इस उपलब्धि से आजमगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश में गर्व और उत्साह का माहौल है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment