आजमगढ़: प्रतिबंधित पशुओं के वध और मांस की अवैध बिक्री करने वाले गिरोह पर कार्रवाई…..
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित पशुओं के वध और मांस की अवैध बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित मांस समेत वध में प्रयुक्त उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक धीरज कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकरौर सहबरी बाजार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि बखरा गांव निवासी मो. दानिश पुत्र मो. तौकीर अवैध रूप से गोवंश वध कर मांस की बिक्री करता है और वर्तमान में गोवंश के अवशेष ऑटो से फेंकने जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हैदराबाद से बखरा मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. दानिश निवासी बखरा, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ बताया।
ऑटो की तलाशी लेने पर एक झोले में प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। इसके बाद अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां ड्रीप फ्रीजर में रखा 21 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। साथ ही 3 चापड़, 3 चाकू, एक छोटा व एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लोहे का रॉड, दो कुंडे, लकड़ी का ठीहा, ₹1220 नकद, स्टील की कटोरी और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी रहनुमा बानो के नाम से “दानिश एग्रो फूड्स” फर्म का लाइसेंस लिया था। इसी लाइसेंस की आड़ में वह अपनी पत्नी और यासीन पुत्र वसीम उर्फ भकालू निवासी बरगी मानीकला, थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं का वध कर मांस बेचता था और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपी को मु0अ0सं0 52/2026 के तहत धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम व 4/25 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य दो आरोपी — यासीन और रहनुमा बानो — फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरज कुमार, कांस्टेबल शशिकांत तिवारी, हेड कांस्टेबल विद्याकांत सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष यादव और महिला कांस्टेबल संजू सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







