आरोपियों पर वादी से मारपीट करते हुए उनकी की झोपड़ी (मड़ई) में आग लगाने का आरोप…..
तरवां (आजमगढ़), 25 फरवरी 2026। थाना तरवां क्षेत्र के ग्राम कोदोपुर उचहुआ में अनुसूचित जनजाति (मुसहर) परिवार के साथ मारपीट और आगजनी के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुराने जमीनी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया था।
क्या था मामला- वादी श्री कलिंदर पुत्र जगरदेव निवासी ग्राम कोदोपुर उचहुआ ने थाना तरवां में दी तहरीर में आरोप लगाया था कि 15 मार्च 2025 की रात वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रामाश्रय यादव, विपिन उर्फ साजू, विनोद, संजीव और अनिरुद्ध पुराने भूमि विवाद को लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे परिवार के सदस्य घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वादी की झोपड़ी (मड़ई) में आग लगा दी, जिससे झोपड़ी सहित उसमें रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।
दर्ज हुआ मुकदमा- प्रकरण में थाना तरवां पर मु0अ0सं0 55/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की सुसंगत धाराएं भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी- थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित अभियुक्त रामाश्रय यादव (56 वर्ष) निवासी ग्राम कोदोपुर उचहुआ को उचहुआ बाजार के पास से सुबह लगभग 7:55 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध एक अन्य आपराधिक मामला भी थाना तरवां में दर्ज है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम- गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, कांस्टेबल सौरभ कुमार सिंह, कांस्टेबल महेश यादव एवं महिला कांस्टेबल पूजा सिंह शामिल रहीं।







