मिशन शक्ति व साइबर क्राइम जागरूकता पर पवई में संयुक्त चौपाल आयोजित
पवई (आजमगढ़), 25 फरवरी 2026। थाना पवई क्षेत्र अंतर्गत कस्बा पवई में मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता के तहत मंगलवार को एक संयुक्त चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में संपन्न हुआ। चौपाल का नेतृत्व थानाध्यक्ष गोपाल जी ने किया, जबकि महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वकील सिंह की देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।

चौपाल के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन समेत अन्य टोल फ्री नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वकील सिंह ने उपस्थित महिलाओं, छात्राओं और उनके अभिभावकों को महिला अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती, कृष्ण कुमार मिश्रा, महिला मुख्य आरक्षी जानकी सिंह, महिला आरक्षी पूजा पांडेय और आरक्षी सर्वेश कुमार ने महिला सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
साइबर क्राइम जागरूकता सत्र में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा ने साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर सरल और प्रभावी ढंग से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों को अज्ञात कॉल और संदेशों से सावधान रहने, OTP किसी को साझा न करने, फर्जी लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया अकाउंट को मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) से सुरक्षित रखने, डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्कता बरतने, फर्जी नौकरी व लोन ऑफर से बचने तथा अनजान ऐप इंस्टॉल न करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि ठगी होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके। कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें। चौपाल में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और कार्यक्रम को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
साइबर सुरक्षा : जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव







