पुलिस कर रही मामले कि जाँच पड़ताल…..
लालगंज/आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चेवार पश्चिम खैरूद्दीनपुर गांव में चोरों ने एक पाही (ट्यूबवेल कक्ष) का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन ताला न टूट पाने के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चेवार पश्चिम गांव निवासी विकास सिंह ने देवगांव कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 28 नवम्बर की रात उनके पाही स्थित कमरे का ताला तोड़ने की कोशिश की गई थी। उस समय भी चोर ताला तोड़ने में असफल रहे थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।
पीड़ित के अनुसार, रविवार की रात एक बार फिर अज्ञात व्यक्तियों ने उसी पाही के कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इस बार भी ताला नहीं टूट सका और चोर खाली हाथ लौट गए। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान विकास सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुनः देवगांव कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।







