अवैध असलहा फैक्ट्री से 315 बोर का तमंचा व कारतूस समेत दो तमंचे, अर्द्धनिर्मित असलहे और उपकरण बरामद…
आजमगढ़। जनपद में अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अतरौलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम भवानीपुर में छप्पर के अंदर संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 फरवरी 2026 की रात उपनिरीक्षक मायापति पाण्डेय व उपनिरीक्षक उमेश चन्द टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान केसरी तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भवानीपुर में एक छप्पर के अंदर अवैध तमंचे बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
दबिश के दौरान मौके पर तीन लोग असलहा निर्माण के उपकरणों के साथ मौजूद मिले। पुलिस को देखकर दो आरोपी झाड़ियों के रास्ते फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को समय करीब 03:35 बजे मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान- विन्ध्यांचल पुत्र स्व. राधिका निवासी ग्राम देवलर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अम्बेडकरनगर (उम्र लगभग 55 वर्ष) के रूप में हुई है।

मौके से यह बरामदगी हुई- 01 तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस .315 बोर, 01 तमंचा .303 बोर, 02 अर्द्धनिर्मित तमंचे, ग्लैण्डर मशीन, तमंचा बनाने की फैक्ट्री से संबंधित उपकरण (आरी ब्लेड, रेती, सरिया, छैनी, नाले, सुम्भी, बोल्ट, सड़सी, पंखा, भट्ठी, लोहे की पाइप, लोहे की पट्टी, हथौड़ा आदि)
पूछताछ में खुलासा- पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों विरजा (निवासी सहदेवगंज, थाना महाराजगंज) और अंगद सिंह (निवासी भवानीपुर, थाना अतरौलिया) के साथ मिलकर अवैध तमंचों का निर्माण करता था। तैयार तमंचों को कारतूस सहित बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था।
मुकदमा दर्ज- थाना अतरौलिया में इस मामले में मु0अ0सं0 65/26 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम- उ0नि0 मायापति पाण्डेय, उ0नि0 उमेश चन्द, का0 राजकरन सोनकर, का0 सुशील चौधरी (सभी थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़) पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और अवैध शस्त्र निर्माण व तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




