निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी, हेरा चाइल्ड सेंटर सील!

SHARE:

बिलरियागंज स्थित हेरा चाइल्ड सेंटर सील, औचक निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं…..

आजमगढ़। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध व अनियमित रूप से संचालित चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलरियागंज स्थित हेरा चाइल्ड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार ने किया। उनके साथ पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ला और सीएचसी बिलरियागंज के चिकित्सक डॉ. निलेश भी मौजूद रहे।

निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में नवजात शिशुओं के लिए 5 बेड थे, लेकिन मौके पर कोई अधिकृत या योग्य चिकित्सक उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा प्रतिष्ठान के पास वैध पंजीकरण भी नहीं मिला। टीम ने यह भी पाया कि सेंटर में अग्निशमन सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण जैसे जरूरी मानकों का उल्लंघन किया जा रहा था।

स्वास्थ्य विभाग- ने बताया कि लालगंज क्षेत्र में हाल ही में एक बच्चे की मृत्यु की घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने गैर-पंजीकृत और अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा संचालित संस्थानों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है।

फिलहाल- सेंटर को पूरी तरह सील कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत और मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय संस्थानों का ही चयन करें।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment