आजमगढ़, सगड़ी से सपा विधायक डॉ. एच.एन. पटेल ने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की जानकारी…..
आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. एच.एन. पटेल के काफिले में शामिल फॉर्च्यूनर गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वाहन गोरखपुर के बड़हलगंज से मऊ जिले के दोहरीघाट की ओर गोठा जा रहा था। बताया जा रहा है कि गोठा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार एक वाहन ने फॉर्च्यूनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

इस घटना की पुष्टि विधायक डॉ. एच.एन. पटेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए की है। उन्होंने पोस्ट कर बताया कि हादसे में गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई, लेकिन उसमें बैठे सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने शुभचिंतकों से अपील की कि वे परेशान न हों।

वहीं, जब इस मामले में विधायक से फोन पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठ सका। जानकारी के अनुसार विधायक डॉ. एच.एन. पटेल आमतौर पर मर्सिडीज कार से चलते हैं और उनके काफिले में फॉर्च्यूनर वाहन भी शामिल रहता है।




