लखनऊ: निर्माणाधीन होटल न्यू ताज की 16 मंजिला इमारत में भीषण आग, 300 मजदूर सुरक्षित निकाले गए!

SHARE:

मौके पर 10 दमकल गाड़ियां और करीब 40 फायरकर्मी, दर्जनों पुलिस कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं….

लखनऊ। गोमती नगर के विभूति खंड इलाके में निर्माणाधीन न्यू ताज होटल की 16 मंजिला इमारत में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग होटल के बेसमेंट में लगी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। घटना के वक्त करीब 300 मजदूर बिल्डिंग में काम कर रहे थे, जिन्हें आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे बेसमेंट में मजदूर CNC मशीन से पत्थर कटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले आग पास में रखे पेंट, फोम-प्लाई और अन्य निर्माण सामग्री में फैल गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग बेसमेंट-1 से बेसमेंट-2 तक फैल गई-  बेसमेंट में रखी सामग्री और बिजली के तारों के संपर्क में आने से आग और भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुआं भर गया, जिससे रेस्क्यू और आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानी हो रही है।

सूचना मिलने पर इंदिरानगर, पीजीआई, चौक, गोमतीनगर और हजरतगंज से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि 10 दमकल गाड़ियां और करीब 40 फायरकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। दमकल विभाग ने हौज पाइप को बेसमेंट-1 तक पहुंचाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बेसमेंट-2 तक पाइप नहीं पहुंच पाने के कारण आग बुझाने में दिक्कत आ रही है। दमकल कर्मी बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनकर अंदर घुसे हैं।

दमकल विभाग के अनुसार, होटल के एक हिस्से में आग और धुएं पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन मुख्य हिस्से में आग अभी पूरी तरह बुझ नहीं सकी है। करीब साढ़े तीन घंटे से आग बुझाने का प्रयास जारी है।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और दमकल टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment