13-14 फरवरी को एमएसयू आजमगढ़ परिसर में होगा ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम, कुलपति ने बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप!

SHARE:

विश्वविद्यालय का उद्देश्य – छात्र-छात्राओं को हो गायन, वादन, नृत्य, एकांकी, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, रंगोली का ज्ञान…..

आजमगढ़। राजभवन के निर्देश के क्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के परिसर में 13 एवं 14 फरवरी को युवा महोत्सव के अंतर्गत ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में सभी समितियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में यह सहमति बनी कि- प्रतियोगिता में जनपद के समस्त राजकीय, अनुदानित एवं स्व-वित्त पोषित महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। संबंधित महाविद्यालयों द्वारा प्रतिभाग की सहमति ईमेल एवं हार्ड कॉपी के माध्यम से दी जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान कुल 15 इवेंट आयोजित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि- युवा महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए राजभवन के निर्देश एवं कुलपति के मार्गदर्शन में कुलसचिव द्वारा प्रो. वंदना पांडेय के संयोजकत्व में समिति का गठन किया गया है। वहीं सह-संयोजक के रूप में प्रो. अरुण कुमार सिंह को नामित किया गया। इसके साथ ही 15 उप-समितियों का गठन कर प्रत्येक इवेंट की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी गई है।

कार्यक्रम के उप-प्रभारी प्रो. अरुण सिंह ने बताया कि प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि लंच के लिए आंशिक शुल्क निर्धारित किया गया है। छात्र-छात्राएं अपने प्रभारी के सहयोग से नाश्ता व भोजन टोकन के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। वहीं प्राध्यापकों के भोजन के लिए अलग स्टाल की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी बैनर, पोस्टर व हेल्प डेस्क के माध्यम से भी उपलब्ध रहेगी।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 13 फरवरी को सुबह 10 बजे प्रशासनिक भवन के पास स्थित हेलीपैड के निकट ओपन ग्राउंड में लगाए गए पंडाल में होगा। दीप प्रज्वलन के बाद प्रतियोगिताएं शुरू होंगी, जो 11:30 बजे तक प्रारंभिक चरण में संपन्न होंगी। इसके बाद प्रतिभागी पूर्व निर्धारित हॉल, शैक्षणिक भवन-1, शैक्षणिक भवन-2 एवं प्रशासनिक भवन में जाकर संबंधित समिति प्रभारी से संपर्क कर प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। बताया गया कि अधिकांश प्रतियोगिताएं 13 फरवरी को ही पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा। शेष प्रतियोगिताएं 14 फरवरी को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक संपन्न कराई जाएंगी। वहीं समापन समारोह दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।

कुलपति ने कहा कि- इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई कला होती है और विश्वविद्यालय इसी उद्देश्य से छात्र-छात्राओं को गायन, वादन, नृत्य, एकांकी, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, रंगोली, कोलाज आदि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के लिए आमंत्रित कर रहा है।

बैठक में- कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, कार्यक्रम सचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव, प्रो. निशा यादव, प्रो. मोहसिन रियाज, प्रो. प्रकाश चंद, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. अमित कुमार, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. नितेश, डॉ. निधि, डॉ. वैशाली, डॉ. त्रिशिका, डॉ. ऋतंभरा, डॉ. अग्रहरि, डॉ. अखिलेश, डॉ. आशुतोष, डॉ. सत्यम, डॉ. शुभम, डॉ. सौरभ सहित कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। कुलपति के निजी सचिव भूपेंद्र पांडे भी बैठक में मौजूद थे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment