कुलपति ने विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे….
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति सभागार में गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हाल ही में आयोजित कैंपस ड्राइव में चयनित बीबीए एवं एमबीए एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने- चयनित छात्रों को ऑफर लेटर सौंपते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में इससे समझौता नहीं किया जाना चाहिए। छात्रों को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा को निरंतर जारी रखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इससे बौद्धिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास सुदृढ़ होता है।

कुलपति ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रोजगारपरक शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, नवाचार की क्षमता और नैतिक मूल्यों से युक्त एक सक्षम व उत्तरदायी मानव संसाधन के रूप में विकसित करना है। विश्वविद्यालय उद्योग और कृषि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप छात्रों को तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे और समाज व राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर पाकर छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए और कुलपति के साथ स्मृति-चित्र भी खिंचवाए। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक व उत्साहवर्धक बताया।
इस अवसर पर- विश्वविद्यालय के डॉ. नितेश, डॉ. विजय प्रकाश, प्रशासनिक भवन के सहकर्मी, कुलपति के सहायक भूपेंद्र पांडे, विपिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




