स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ, गांधीजी को दी गई श्रद्धांजलि!

SHARE:

कुष्ठ रोग पूरी तरह उपचार योग्य है और समय पर पहचान एवं उपचार से विकलांगता से बचा जा सकता है…..

आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों व मानवता के संदेश को स्मरण किया।

पुष्पांजलि समारोह में एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. आलेंद्र कुमार, कुष्ठ विभाग से एनएमएस रामचंद्र चौहान, ब्रह्मचारी राय, एनएमए शशि भूषण द्विवेदी, पीटीटी शैलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन समानता, करुणा और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर आधारित रहा है। उन्होंने बताया कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का उद्देश्य भी समाज में कुष्ठ रोग को लेकर फैले भय और भेदभाव को समाप्त करना तथा रोगियों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह उपचार योग्य है और समय पर पहचान एवं उपचार से विकलांगता से बचा जा सकता है।

सीएमओ ने जानकारी दी कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार जनपद में यह अभियान 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण, निःशुल्क उपचार व्यवस्था तथा उपचार न कराने की स्थिति में होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, ग्राम प्रधान एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। साथ ही अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो अभिलेख तैयार कर समय से व्हाट्सऐप ग्रुप एवं ई-मेल के माध्यम से साझा किया जाए।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment