मिशन शक्ति व साइबर क्राइम जागरूकता को लेकर एस.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल में संयुक्त चौपाल आयोजित!

SHARE:

एस.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल में आयोजित संयुक्त चौपाल में टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई….

आजमगढ़। थाना अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर मंड़ोही स्थित एस.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता के तहत संयुक्त चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन में थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेन्द्रनाथ दूबे एवं महिला प्रकोष्ठ प्रभारी गुरु ज्ञान चंद्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

चौपाल के दौरान महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों तथा महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी गुरु ज्ञान चंद्र पटेल ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को महिला अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं आरक्षी सर्वेश कुमार एवं महिला आरक्षी शिखा तिवारी द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित टोल फ्री नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट का वितरण किया गया।

साइबर क्राइम जागरूकता सत्र में आरक्षी सतेंद्र यादव ने साइबर अपराध के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अज्ञात कॉल व मैसेज से सावधानी, OTP साझा न करने, फर्जी लिंक से बचने, सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने, डिजिटल भुगतान में सतर्कता, फर्जी नौकरी व लोन ऑफर से दूरी, अनजान ऐप इंस्टॉल न करने तथा ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल भाषा में समझाया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबरक्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। संयुक्त चौपाल में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और कार्यक्रम को सकारात्मक व सराहनीय प्रतिक्रिया मिली।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment