विद्युत उपकेंद्र माहुल में तैनात 38 वर्षीय संविदा विद्युत कर्मी (लाइनमैन) था मृतक…..
माहुल (आजमगढ़)। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 समसल्लीपुर मोहल्ला निवासी तथा विद्युत उपकेंद्र माहुल में तैनात संविदा लाइनमैन 38 वर्षीय रमेश यादव का शुक्रवार सुबह हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले और विद्युत विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश यादव पिछले करीब 10 वर्षों से विद्युत उपकेंद्र माहुल में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता लालबिहारी यादव भी फूलपुर विद्युत केंद्र पर इसी पद पर सेवाएं दे चुके हैं। शुक्रवार सुबह अचानक रमेश यादव को सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें इलाज के लिए आजमगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी मुद्रिका, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। दोपहर बाद परिजनों ने दुर्वासा धाम स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया।
रमेश यादव के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। शोक व्यक्त करने वालों में नगर पंचायत माहुल के चेयरमैन लियाकत अली, भाजपा नेता दिलीप सिंह, हरिकेश गुप्ता, विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ महेश गुप्ता, जेई रमेश यादव, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) फूलपुर तहसील अध्यक्ष शशिकांत पांडेय, श्याम सिंह, बबलू शुक्ल सहित अनेक लोग शामिल रहे।







