‘पुलिस सतर्क मित्र’ व्हाट्सप्प नंबर – 7839860411 की दी विस्तृत जानकारी……
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और जनता–पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन द्वारा वाराणसी जोन के समस्त जनपदों में “पुलिस सतर्क मित्र” नामक WhatsApp आधारित चैटबोट सेवा का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में यह सेवा आजमगढ़ जनपद में भी औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है।
इस अवसर पर पुलिस लाइन सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित रहे।

गुमनाम और सुरक्षित शिकायत की सुविधा
‘पुलिस सतर्क मित्र’ WhatsApp बोट के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से WhatsApp का उपयोग कर अपने आसपास हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को सरल, सुरक्षित एवं पूर्णतः गोपनीय तरीके से दे सकते हैं। इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पुलिस को प्रदर्शित नहीं होती, जिससे नागरिक बिना किसी भय के जानकारी साझा कर सकते हैं।
इन मामलों में दे सकते हैं सूचना
नागरिक इस चैटबोट के माध्यम से गौ तस्करी/गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, मानव तस्करी, पुलिस भ्रष्टाचार, अवैध खनन सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायत या सूचना दे सकते हैं।
कैसे करें उपयोग
इस सेवा के लिए किसी अतिरिक्त ऐप को इंस्टॉल करने की आवश्यकता नहीं है।
WhatsApp खोलकर नंबर 7839860411 पर “Hi” या कोई भी संदेश भेजें।
बोट द्वारा पूछी गई भाषा (हिंदी/अन्य) का चयन करें।
समय, स्थान और अपराध के प्रकार से जुड़े सवालों के उत्तर दें।
आवश्यकता पड़ने पर टेक्स्ट, ऑडियो, फोटो या वीडियो (जैसे CCTV फुटेज) भी भेज सकते हैं।
कार्रवाई और फीडबैक की व्यवस्था
प्राप्त सूचना का परीक्षण कर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है तथा सूचना देने वाले को स्वचालित फीडबैक भी उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर इस सेवा से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। उपस्थित पत्रकारों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘पुलिस सतर्क मित्र’ WhatsApp बोट का अधिकाधिक उपयोग कर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।




