व्यापारी के बेटे की अपहरण के बाद हत्या कर दी थी बदमाशों ने, एक बक्से में मिली थी लाश…..
लखनऊ/चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में व्यापारी के मासूम बेटे के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबकि दूसरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बरगढ़ थाना क्षेत्र के बरगढ़ बाजार निवासी व्यापारी अशोक केसरवानी के 13 वर्षीय बेटे आयुष केसरवानी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के कुछ समय बाद बदमाशों ने परिजनों से फिरौती की मांग की। पुलिस और परिजन लगातार बच्चे की तलाश और बातचीत में जुटे रहे, लेकिन फिरौती न मिलने पर बदमाशों ने गुरुवार देर रात आयुष की बेरहमी से हत्या कर दी।

बंद बक्से में मिला मासूम का शव, इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस की तलाश के दौरान एक संदिग्ध स्थान पर रखा बंद बक्सा मिला। जब पुलिस ने बक्से का ताला तोड़ा तो उसके अंदर आयुष का शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे बरगढ़ इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया।
मुठभेड़ में एक अपहरणकर्ता ढेर, दूसरा गिरफ्तार
शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी कल्लू उर्फ साहवे ईमान (करीब 70 वर्ष), निवासी कटरा चौराहा, कर्मा, थाना घूरपुर को मुठभेड़ में मार गिराया। वहीं दूसरे आरोपी इरफान अंसारी पुत्र आफताब आलम, निवासी कटरा चौराहा, कर्मा, थाना घूरपुर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी का इलाज चल रहा है। इस जघन्य वारदात के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




