अतरौलिया में ओम प्रकाश राजभर का विवादित बयान कहा “बिना लाइसेंस के हथियार बांटे जाएंगे”……
अतरौलिया (आजमगढ़)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार वर्ष 2047 तक बनी रहेगी। राजभर ने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “सपा जहाँ-जहाँ जाती है, वहाँ भाजपा जीत जाती है।” उन्होंने महाराष्ट्र के हालिया चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि सपा के सांसदों और विधायकों ने वहां खूब प्रचार किया, लेकिन पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि चाहे राजस्थान हो, हरियाणा हो या महाराष्ट्र, सपा की मौजूदगी से भाजपा को ही लाभ हुआ है।
मुसलमान अब वोट बैंक नहीं : राजभर- महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी को मिली सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि मुस्लिम समाज अब यह समझ चुका है कि वह केवल वोट बैंक बनकर नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि मुसलमान अब शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं, इसी वजह से ओवैसी को समर्थन मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों ने बार-बार सपा को सत्ता में पहुँचाया, लेकिन बदले में उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
2027 नहीं, 2047 तक एनडीए की सरकार- 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि केवल 2027 ही नहीं, बल्कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब जनता विकास के मुद्दे पर वोट कर रही है और विपक्ष अपनी साख खो चुका है।
आरक्षण और परिवारवाद पर सफाई- पार्टी में परिवारवाद के आरोपों पर सफाई देते हुए राजभर ने कहा कि पार्टी के लिए काम करने वाला हर व्यक्ति उनके लिए परिवार के समान है। उन्होंने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के आरक्षण को लेकर गंभीरता जताई और बताया कि इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इन वर्गों के लिए सीटें सुरक्षित किए जाने की मांग की है।
हथियार बांटने वाले बयान से मचा विवाद- प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि 18 जनवरी, रविवार को खजूरी स्थित इंटर कॉलेज के मैदान में बिना लाइसेंस के हथियार बांटे जाएंगे, जिसे जरूरत हो वह आकर ले जाए। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजभर के इन बयानों से सियासी माहौल गरमा गया है और विपक्षी दलों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आने की संभावना जताई जा रही है।




