नशे के आदी बने व्यक्ति की पोखरी में मिली लाश…..
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के लोनियाडीह ग्राम के पास स्थित एक पोखरी में शुक्रवार को करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई।
मृतक की पहचान बाकर कोल, थाना अहरौला निवासी बबलू पुत्र मिलटू के रूप में हुई है, जो बीते तीन-चार दिनों से घर से लापता था। परिजनों के अनुसार बबलू पास ही स्थित एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था और नशे का आदी था। नशे को लेकर करीब दस दिन पूर्व उसका पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद बबलू का शराब पीना और बढ़ गया और वह न तो घर जा रहा था और न ही भट्टे पर काम कर रहा था। मृतक के भाई डब्लू ने बताया कि उन्हें लगा था कि बबलू कहीं चला गया होगा। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कुछ ग्रामीणों ने पोखरी में शव तैरते देखा, जिसके बाद शोर मचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना के आधार पर फूलपुर कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोखरी से निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। वहीं मृतक के भाई डब्लू ने बताया कि बबलू से किसी की कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच की जा रही है।




