सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिदिन कार्यालय आने एवं कार्यालय से जाते समय ई-ऑफिस में लॉगिन करने के निर्देश……
आजमगढ़। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ई-ऑफिस के प्रभावी संचालन को लेकर समस्त विभागीय अधिकारियों एवं उनके पटल सहायकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी स्वयं एवं अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से फाइलों का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली से सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभी तक ई-ऑफिस में लॉगिन नहीं किया है, वे आज ही लॉगिन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग जैसे अधिक लंबित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के साथ बैठकर लॉगिन प्रक्रिया को समझें और तत्काल इसका पालन कराएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, मुख्य राजस्व अधिकारी को समस्त अधिशासी अधिकारियों तथा रजिस्ट्रार स्टाम्प को सभी उप निबंधकों से अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस लॉगिन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सामान्य फाइलों के साथ-साथ अवकाश से संबंधित आवेदनों का निस्तारण भी ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिदिन कार्यालय आने एवं कार्यालय से जाते समय ई-ऑफिस में लॉगिन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी ई-ऑफिस में लॉगिन नहीं करेंगे, उनका जनवरी माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र में जिला आबकारी अधिकारी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई और प्रणाली के तकनीकी पहलुओं को समझाया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, एआईजी स्टांप, डीसी मनरेगा, जीएम डीआईसी, जिला उद्यान अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी एवं उनके पटल सहायक उपस्थित रहे।




