अधिकारियों को जांच में नहीं मिले तेंदुए के पदचिह्न संदिग्ध जंगली जानवर को कहा ‘बिग कैट’…..
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बीते दिनों एक संदिग्ध जंगली जानवर के देखे जाने की सूचना के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अफवाहों के बीच तेंदुए की मौजूदगी की आशंका जताई जाने लगी, जिससे क्षेत्र में भय का वातावरण उत्पन्न हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की।तेंदुए की खबर फैलते ही वन विभाग के रेंजर वीर बहादुर सिंह एवं वन दरोगा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने उन खेतों, पगडंडियों और रास्तों का गहन निरीक्षण किया, जहां जानवर देखे जाने की चर्चा थी। रेंजर ने मेड़ों और गीली मिट्टी वाले इलाकों में तेंदुए के पंजों के निशान खोजने का प्रयास किया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई ठोस पदचिह्न नहीं मिले।

मामले की सच्चाई जानने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के बाद रेंजर वीर बहादुर सिंह ने बताया कि कैमरे में दिखाई देने वाला जानवर कद में अपेक्षाकृत छोटा है और उसकी पूंछ सामान्य से अधिक लंबी दिखाई दे रही है। उसकी शारीरिक बनावट तेंदुए से मेल नहीं खाती।

रेंजर के अनुसार, यह जानवर ‘बिग कैट’ (बड़ी बिल्ली) प्रजाति का कोई मांसाहारी जीव हो सकता है, लेकिन यह तेंदुआ नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। वन विभाग ने तेंदुए की मौजूदगी की बात को सिरे से खारिज किया है।

हालांकि, एहतियातन वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग के कर्मचारी रात्रि गश्त करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने, लेकिन शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि यदि दोबारा कोई संदिग्ध जानवर दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।




