धीराजी देवी वेलफेयर फाउंडेशन का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग मापन!

SHARE:

फूलपुर के चकनूरी सुदनीपुर में धीराजी देवी वेलफेयर फाउंडेशन का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुँचे 35 से अधिक मरीज ……

आजमगढ़। धीराजी देवी वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में तथा नवजीवन कृत्रिम अंग सेंटर, गाजीपुर के विशेषज्ञों की टीम की उपस्थिति में फूलपुर क्षेत्र के चकनूरी सुदनीपुर गांव में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 35 मरीजों का मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण के उद्देश्य से प्रभावित अंगों का मापन भी किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन के कार्य संचालक अरविंद सिंह के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में पहुंचे मरीजों की बीपी, शुगर, ईसीजी, हाइट-वेट सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श भी दिया और जरूरत के अनुसार आगे के उपचार की सलाह दी।

फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. चंद्रमुखी यादव ने बताया कि धीराजी देवी वेलफेयर फाउंडेशन बीते एक वर्ष से प्रत्येक रविवार और अन्य विशेष अवसरों पर अनुभवी डॉक्टरों की उपस्थिति में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करता आ रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा समर्थतानुसार उनकी सहायता करना है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में इस रविवार नवजीवन कृत्रिम अंग सेंटर, गाजीपुर के सहयोग से दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मापन कार्य किया गया, ताकि शीघ्र ही उन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। डॉ. चंद्रमुखी यादव ने यह भी कहा कि फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में कोई भी व्यक्ति आकर लाभ उठा सकता है। भविष्य में भी इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।

शिविर के दौरान प्रमुख रूप से डॉ. रामाशीष यादव, अमन सिंह, राहुल सिंह, खुशी, शिवांगी, अमीना, शानू यादव, शुभम यादव, जसवंत, कुशुम सहित अन्य सहयोगी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment