खुशी प्रजापति ‘फिट भारत हिट भारत’ में चयनित…..
आजमगढ़। जनपद के लिए गर्व का विषय सामने आया है। फूलपुर तहसील क्षेत्र के मेजवा गांव निवासी खुशी प्रजापति का चयन दिल्ली में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026’ के लिए हुआ है। इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित 79 प्रतिभागियों की सूची में खुशी प्रजापति ने अपनी जगह बनाकर आजमगढ़ का मान बढ़ाया है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा कहा कि आज का युवा ही विकसित भारत की नींव रखेगा।
खुशी प्रजापति का चयन ‘फिट भारत हिट भारत’ ट्रैक के अंतर्गत हुआ है। इस ट्रैक के लिए देशभर से हजारों युवाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया, लिखित परीक्षा, विचार प्रस्तुति, संवाद कौशल और विषयगत समझ के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया गया। कठिन प्रतिस्पर्धा और कई चरणों की परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पार करते हुए खुशी ने यह मुकाम हासिल किया।
खुशी के पिता घनश्याम प्रजापति ने बताया कि बेटी को शुरू से ही देश और दुनिया में घटने वाली घटनाओं में गहरी रुचि रही है। वह राष्ट्रीय मुद्दों, युवाओं की भूमिका और भारत के भविष्य से जुड़े विषयों पर नियमित अध्ययन करती रही है। उन्होंने कहा कि खुशी का यही अनुभव और सोच अब राष्ट्रीय मंच पर पूरे देश के सामने प्रस्तुत होगी, जिससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
गांव और क्षेत्र में खुशी की इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने खुशी को बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खुशी प्रजापति की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर भी कड़ी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के बल पर राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।




