पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल!

SHARE:

मारपीट, जान से मारने की नीयत से फायरिंग और धमकी के आरोपियों से हुई पुलिस मुड़भेड़…..

प्रयागराज। थाना फूलपुर और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद फायरिंग की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार तड़के थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम बौड़ई मोड़ स्थित नहर किनारे हाईटेंशन लाइन के पास की गई। पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को सुबह करीब 4.45 बजे चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। संदिग्ध भागने लगे और पीछा करने पर खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश आजम राईन के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। दूसरे अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आजम राईन पुत्र स्व. हफीजउल्ला, निवासी जमीलाबाद कस्बा थाना फूलपुर, तथा मोहम्मद सुहैल पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी ग्राम सराय अब्दुल मलिक थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों थाना फूलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 012/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त थे। पुलिस के मुताबिक, 7 जनवरी 2026 की शाम जमीलाबाद कस्बे में शनि सोनी नामक युवक के साथ मारपीट, जान से मारने की नीयत से फायरिंग और धमकी देने के मामले में इन दोनों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर यूपी 73 एबी 9639), एक अवैध तमंचा .315 बोर, कारतूस, चार अवैध देशी बम और 1200 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

मुठभेड़ के संबंध में जानकारी देते पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह
मुठभेड़ के संबंध में जानकारी देते पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह

पुलिस आयुक्त प्रयागराज, अपर पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त गंगानगर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना फूलपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment