आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में इस्लाम धर्म के बारे में दी जा रही शिक्षा सवालों के घेरे में……
आजमगढ़। जनपद के आजमगढ़ पब्लिक स्कूल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वायरल वीडियो में स्कूल ड्रेस में खड़े कुछ बच्चे दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे एक शिक्षिका मौजूद हैं। वीडियो में शिक्षिका बच्चों से धार्मिक विषयों से जुड़े सवाल पूछती नजर आ रही हैं, जिनका बच्चे सामूहिक रूप से जवाब दे रहे हैं।
हालांकि, यह वीडियो अभी अपुष्ट बताया जा रहा है और जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि यह स्कूल ‘द आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट’ द्वारा संचालित है। स्कूल के चेयरमैन समाजवादी पार्टी के नेता एवं विधान परिषद सदस्य तथा बसपा के पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली बताए जा रहे हैं। स्कूल के मैनेजर सीए नोमान शेख हैं, जबकि प्रिंसिपल के पद पर रूपाली पंड्या कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ पब्लिक स्कूल (APS) में उर्दू और अंग्रेजी विषय पढ़ाए जाते हैं, जबकि हिंदी विषय नहीं है। इसी को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में शिक्षिका बच्चों से उनके मजहब, अल्लाह, पैगंबर, कुरान शरीफ और इस्लाम से जुड़े कई सवाल पूछती दिखाई दे रही हैं। बच्चे इन सवालों के जवाब देते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद नोमान ने कहा कि स्कूल में उर्दू एक विषय के रूप में पढ़ाया जाता है और संभवतः उसी से संबंधित पढ़ाई कराई जा रही होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षिका को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।




