आजमगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण लगभग पूर्ण, 5.66 लाख से अधिक नाम कटने की तैयारी!

SHARE:

फूलपुर पवई विधानसभा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण में लगभग 47 हजार 925 नाम कटने के आसार…..

आजमगढ़। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। निर्वाचन विभाग द्वारा 6 जनवरी को पुनरीक्षित मतदाता सूची को प्रकाशित भी कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में जिले भर में विभिन्न श्रेणियों के कुल 5 लाख 66 हजार 619 मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की संस्तुति की गई है।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कटने वाले मतदाताओं में 1 लाख 2 हजार 383 मृतक, 2 लाख 63 हजार 697 शिफ्टेड, 1 लाख 23 हजार 984 अनुपस्थित, 47 हजार 894 डबल वोटर तथा 28 हजार 650 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से की गई है।

आजमगढ़ सदर में सबसे अधिक कटौती

मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आजमगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 86 हजार 790 मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें 10 हजार 433 मतदाता मृतक, 31 हजार 480 मतदाता मौके पर अनुपस्थित तथा 3 हजार 353 मतदाता शिफ्टेड पाए गए।

सगड़ी विधानसभा में भी बड़ी संख्या में नाम कटे

वहीं सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 44 हजार 973 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें 9 हजार 171 मतदाता मृतक, 8 हजार 748 अनुपस्थित और 21 हजार 991 मतदाता शिफ्टेड शामिल हैं।

अन्य विधानसभा क्षेत्रों का हाल

जिले की अतरौलिया विधानसभा में 48 हजार 594 मतदाताओं की कटौती की गई है। इनमें 9 हजार 32 मृतक, 7 हजार 511 अनुपस्थित तथा 27 हजार 967 शिफ्टेड मतदाता पाए गए।

गोपालपुर विधानसभा में 51 हजार 830, मुबारकपुर में 57 हजार 970 और निजामाबाद में 48 हजार 705 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

इसी तरह फूलपुर पवई विधानसभा में 47 हजार 925, दीदारगंज में 56 हजार 896, लालगंज में 66 हजार 26 तथा मेंहनगर विधानसभा में 56 हजार 970 मतदाताओं के नाम कटे हैं। मेंहनगर क्षेत्र में कटे नामों में से 11 हजार 274 मतदाता मृतक बताए गए हैं।

निर्वाचन विभाग का पक्ष

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची में मृतक, स्थानांतरित और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाकर वास्तविक और पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करना है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश कट गया है, तो वह नियमानुसार दावा-आपत्ति के माध्यम से अपना नाम पुनः दर्ज करा सकता है।

जिले में मतदाता सूची के इस बड़े पैमाने पर हुए संशोधन को आगामी चुनावों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment