मार्टिनगंज व महाराजगंज में चार चिकित्सा केंद्रों पर गिरी गाज……
आजमगढ़। जनपद में बिना पंजीकरण एवं बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित नर्सिंग होम और निजी क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के आदेश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मार्टिनगंज और महाराजगंज विकासखंड में औचक निरीक्षण कर चार अवैध चिकित्सा केंद्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की।
डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एवं पैथोलॉजी) डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने 07 जनवरी 2026 को मार्टिनगंज क्षेत्र में निरीक्षण किया। ग्राम जिवली, थाना बरदह, तहसील मार्टिनगंज स्थित ओम गुरु चिकित्सालय का अपराह्न 4:30 बजे निरीक्षण किया गया, जहां यह चिकित्सालय बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाया गया। निरीक्षण के दौरान कोई भी योग्य चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं था। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
इसी क्रम में ग्राम राजपुर, थाना बरदह क्षेत्र में संचालित एक अन्य निजी क्लीनिक का अपराह्न 6:30 बजे निरीक्षण किया गया। जांच में यह केंद्र भी बिना पंजीकरण और बिना योग्य चिकित्सक के संचालित पाया गया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे भी सीज कर दिया गया।

वहीं महाराजगंज विकासखंड के मुख्य बाजार में देवपालिक क्लीनिक नर्सिंग होम एवं शिवा नर्सिंग होम का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दोनों नर्सिंग होमों में कोई भी चिकित्सक उपस्थित नहीं पाया गया और दोनों ही केंद्र बिना वैध पंजीकरण के संचालित थे। निरीक्षण के समय शिवा नर्सिंग होम में 9 मरीज तथा देवपालिक क्लीनिक नर्सिंग होम में 8 मरीज भर्ती पाए गए। मरीजों की सुरक्षा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों नर्सिंग होमों के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों नर्सिंग होमों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में पूरे नर्सिंग होम को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




