ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहा था मृतक राजगीर….
आजमगढ़। अहरौला बाजार में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे 37 वर्षीय राजगीर की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मौत ठंड से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान अंगद कुमार (37) पुत्र — निवासी चक्तगे, ब्लॉक सठीयाव, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंगद कुमार पिछले कुछ महीनों से अहरौला बाजार में अभिषेक जायसवाल उर्फ मिंटू के निर्माणाधीन मकान पर ठेके के अंतर्गत राजगीर के रूप में काम कर रहा था। वह परसों ही काम पर आया था और सोमवार को उसका यहां पहला दिन था।
जानकारी के अनुसार अंगद जिस ठेकेदार बृजेश तिवारी के माध्यम से काम कर रहा था, वह बिना किसी पंजीकरण के ठेकेदारी का कार्य करा रहा था। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ठेकेदार जब अंगद को जगाने पहुंचा तो वह नहीं उठा। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। अंगद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने बताया कि अंगद कुमार परसों शाम काम के लिए घर से अहरौला आया था। शाम करीब 5 बजे उसने परिजनों से फोन पर बात कर बताया था कि काम देर तक चलेगा और वह अगले दिन घर लौटेगा, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि यह उसकी अंतिम बातचीत होगी। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। वह राजगीर का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अहरौला रविंद्र पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ठंड से मौत का प्रतीत हो रहा है, जिसकी पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने भी की है। हालांकि अभी अंतिम रूप से कुछ कहना संभव नहीं है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




