पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी को “जनरल डायर ” कहने को लेकर मामला दर्ज था……
लखनऊ। लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को लखनऊ पुलिस ने शनिवार को हिरासत में ले लिया। वह अपने पति के साथ हजरतगंज कोतवाली में बयान दर्ज कराने पहुंची थीं, जहां से पुलिस ने उन्हें महिला थाने में बैठाया। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर दर्ज मुकदमों के सिलसिले में हुई है।
पुलिस के अनुसार, नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ और वाराणसी में FIR दर्ज की गई थी। आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट और एक गीत के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना जनरल डायर से की, जिससे विवाद खड़ा हो गया। 12 मई को जारी उनके गीत “चौकीदरवा कायर बा… बेटियां किसानन खातिर बनल जनरल डायर बा…” को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे, जिनमें सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए थे। इन पोस्टों से आहत होकर अभय प्रताप सिंह ने हजरतगंज कोतवाली में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नेहा की पोस्ट से दो समुदायों के बीच नफरत फैलने और देश की अखंडता व सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि नेहा सिंह राठौर की पोस्ट पाकिस्तान में व्यापक रूप से साझा की गईं और वहां के मीडिया द्वारा भारत की आलोचना के लिए उनका इस्तेमाल किया गया, जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचा। इसी क्रम में वाराणसी पुलिस ने उनकी तलाश करते हुए लखनऊ स्थित उनके सेलिब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट पर नोटिस चस्पा किया था।
वहीं, नेहा सिंह राठौर ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि..वह सरकार से सवाल पूछ रही हैं और डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, “इस वक्त मेरे साथ क्या और क्यों हो रहा है, मैं यह समझ रही हूं। मेरे सवालों का जवाब देने के बजाय मुझे गालियां दिलवाई जा रही हैं। 400 नहीं, 4 लाख FIR करवा दीजिए, मैं नहीं डरूंगी।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नेहा सिंह राठौर से पूछताछ जारी है।




