जिलाधिकारी ने किया कार्यक्रम का शुभारम्भ, कलाकारों को किया सम्मानित…..
आजमगढ़, 27 दिसंबर। राजकीय पॉलिटेक्निक आजमगढ़ परिसर में 24 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित आजमगढ़ महोत्सव 2025 के चौथे दिन का शुभारम्भ जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव के चौथे दिन सायंकाल आयोजित बॉलीवुड नाईट के अंतर्गत इंडियन आइडल फेम गायक जतिन निगम, आयुषी पाण्डेय एवं उमंग ने लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी सुमधुर आवाज और जीवंत मंच प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके साथ ही महोत्सव के अंतर्गत स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक गायन, एकल गायन, लोकनृत्य एवं एकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। वहीं जिलाधिकारी द्वारा बॉलीवुड नाईट के कलाकार जतिन निगम (इंडियन आइडल फेम) को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री सती गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुराग श्रीवास्तव, एसडीएम श्री संत रंजन, डीईएसटीओ, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी श्री नवीन कुमार सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आजमगढ़ महोत्सव 2025 का आयोजन 28 दिसंबर तक किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक एवं मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।




