दामाद ने सरेराह सास को गोली मारकर की हत्या, आरोपी फरार!

SHARE:

प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात से मचा हड़कंप…..

प्रयागराज। शहर के करेली थाना क्षेत्र में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। काली मंदिर के पास बीच सड़क पर एक दामाद ने अपनी सास को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास रहने वाली आशिया खातून (55) की हत्या उनके दामाद मोहम्मद इरफान ने की। आशिया खातून के पति मुश्ताक अहमद माली की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। वह अपने तीन बेटियों और चार बेटों के साथ रहती थीं। उनकी सबसे छोटी बेटी चांद बीवी की शादी करीब 15 साल पहले मोहम्मद इरफान से हुई थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं।

बताया गया कि इरफान सऊदी अरब में वेल्डिंग का काम करता था और वर्ष 2019 में भारत लौटा था। इसके बाद प्रयागराज में रहकर काम करने लगा। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते चांद बीवी मायके में मां के पास रहने लगी थी।

मंगलवार को इरफान एक बार फिर ससुराल पहुंचा, जहां पत्नी और सास से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में उसने सास आशिया खातून को घर से घसीटते हुए बाहर सड़क पर ला दिया और सिर में गोली मार दी। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

गोली से मृत महिला की बेटी व आरोपी की पत्नी चाँद बीबी
गोली से मृत महिला की बेटी व आरोपी की पत्नी चाँद बीबी

मृतका की बेटी चांद बीवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति उससे गलत धंधा करवाना चाहता था और सेक्स रैकेट चलाने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर वह मारपीट करता था। इसी कारण वह मायके आकर रहने लगी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की हालत में कई बार मायके आकर धमकी और मारपीट कर चुका था। इस संबंध में 23 दिसंबर को करेली थाने में तहरीर भी दी गई थी।

डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते दामाद द्वारा हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल इस जघन्य हत्या से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment