मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल….
अतरौलिया (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए दबंगों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मदियापार गांव से सामने आए ताजा मामले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ की गई बेरहमी भरी मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुमारी नीरज पुत्री वासुदेव ने अतरौलिया थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कूड़ा फेंकने को लेकर हुए छोटे से विवाद में पड़ोसी पक्ष ने एकजुट होकर उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
पीड़िता का आरोप है कि मुख्य आरोपी लालजीत, जो ब्लॉक पवई में तैनात ग्राम विकास अधिकारी है और उसका पड़ोसी भी है, के प्रभाव के चलते पुलिस ने शुरू में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
न्याय की आस में पीड़िता ने शुक्रवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने बताया कि दबंगों के रसूख के कारण उसे स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिल पा रहा है, जिससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ होकर दबंगों द्वारा मारपीट की जा रही है। चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच मानवता को शर्मसार करने वाले दृश्य कैमरे में कैद हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




