शराब की लत में युवक बना हैवान, कुत्ते की हत्या कर ग्रामीणों को खिलाया मांस; 15 परिवार बीमार!

SHARE:

खरगोश का मांस बता बेंच दिया कुत्ते का मांस…..

मोतिहारी (बिहार)। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। शराब की लत में डूबे एक युवक ने पैसों के लिए न केवल एक बेजुबान कुत्ते की बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि धोखे से उसका मांस ग्रामीणों को खिला दिया। इस घिनौनी घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान मंगरु सहनी के रूप में हुई है, जो शराब का आदी बताया जा रहा है। पैसों की कमी के चलते उसने कुत्ते को मारकर उसके मांस को ‘खरगोश का मीट’ बताकर गांव में करीब एक हजार रुपये प्रति किलो की दर से बेच दिया। कई ग्रामीणों ने इस मांस को खरीदकर अपने घरों में पकाया और खाया। मांस खाने के कुछ ही घंटों बाद बच्चों और बड़ों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायतों से ग्रामीण तड़पने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से करीब 15 परिवारों की जान जोखिम में पड़ गई।

अगले दिन मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी खुद चिल्लाते हुए अपनी करतूत बताने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने खेतों में जाकर जांच की, जहां कुत्ते के अवशेष बरामद हुए। सच्चाई सामने आते ही लोगों में गुस्सा फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। गरहिया थाना अध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस अमानवीय घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की लत के खतरनाक परिणामों को भी उजागर किया है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment