जिले में पांच दिवसीय आजमगढ़ महोत्सव 2025 में उमड़ी भारी भीड़…..
आजमगढ़। राजकीय पॉलिटेक्निक आजमगढ़ में 24 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले आजमगढ़ महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ बुधवार को मंडलायुक्त श्री विवेक, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। शुभारंभ अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि आजमगढ़ महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। आजमगढ़ वीर महापुरुषों, ऋषि-मुनियों और संघर्षशील संस्कृति की भूमि रही है। यहां की मिट्टी में मेहनत की खुशबू और लोकगीतों में जीवन की सच्चाई झलकती है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। अपनी जड़ों से जुड़कर ही आधुनिकता की यात्रा सफल हो सकती है। मंडलायुक्त ने कहा कि यह आयोजन विकास के साथ संवेदना, व्यवस्था के साथ संस्कार और प्रगति के साथ परंपरा को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने आयोजन मंडल, प्रशासन, मीडिया और जनता को बधाई देते हुए आजमगढ़ को शांति, सौहार्द, संस्कृति और विकास का आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प दोहराया।
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह ने कहा कि आजमगढ़ महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ आनंद लें।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने बताया कि महोत्सव में मनोरंजन के साथ-साथ आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त वाहन प्रदर्शनी, खाद्य पदार्थों के स्टॉल और बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को विभिन्न माध्यमों से प्रायोजित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर के स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उन्हें विशेष अवसर दिए गए हैं। पांच दिवसीय इस महोत्सव में प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजमगढ़ महोत्सव 2025 का आयोजन सरकारी धन से किया जा रहा है और इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
महोत्सव के प्रथम दिन स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक गायन, लोकनृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं ग़ज़ल संध्या के अंतर्गत अंजुमन रहबर, गुस्ताख़ अहमद बख्श एवं अन्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ग़ज़लों ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुराग श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारीगण सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित




