क्रिसमस पर जनपद में शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित जिला प्रशासन…..
आजमगढ़। क्रिसमस पर्व को देखते हुए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आमजन को विक्रय किए जाने वाले केक, पेस्ट्री, विभिन्न फ्लेवर के क्रिसमस ड्राई केक सहित अन्य बेकरी उत्पादों एवं इनके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच की गई। छापेमारी के दौरान सरायमीर क्षेत्र के दो प्रतिष्ठानों से 1 केक, 1 क्रीम ब्रेड, 1 मैदा और 1 बिस्किट का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं नरौली चौराहे से 1 विप्ड क्रीम एवं 1 चॉकलेट केक का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दूसरी टीम द्वारा 1 मैदा एवं 1 वनस्पति का नमूना संग्रहित किया गया। इस प्रकार कुल 8 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में कमियां पाए जाने पर कुल 4 खाद्य कारोबारियों को सुधार सूचना जारी की गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप भी चस्पा कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-IIआजमगढ़, श्री सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि क्रिसमस पर्व के दृष्टिगत यह छापेमार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी बेस्ट बिफोर व एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली एवं रंगीन मिठाइयों व खाद्य पदार्थों से परहेज करें। वहीं खाद्य कारोबारियों को स्वच्छ परिस्थितियों में गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय, निर्धारित मात्रा में खाद्य रंगों के प्रयोग तथा शुद्ध व ताजा सामग्री की बिक्री के लिए जागरूक किया गया। इस छापेमार दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रजनीश कुमार, श्री गोविन्द यादव, श्री सुचित प्रसाद, श्री लालमणि यादव, श्री शीत कुमार सिंह, श्री अमरनाथ, श्री राजीव कुमार सिंह, श्री संजय कुमार तिवारी एवं श्रीमती बेबी सोनम शामिल रहीं।




