विश्वविद्यालय खेल महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर कुलपति की अध्यक्षता में बैठक संम्पन!

SHARE:

खेल महोत्सव की संभावित तिथि 16, 17 एवं 18 फरवरी 2026 पर चर्चा….

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में प्रस्तावित विश्वविद्यालय खेल महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति ने खेल महोत्सव की संभावित तिथि 16, 17 एवं 18 फरवरी 2026 पर सर्वसम्मति से सहमति जताई, हालांकि अंतिम स्वीकृति कुलपति द्वारा अगली बैठक में दी जाएगी। कुलपति ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की तिथि साइंस वीक को ध्यान में रखते हुए तय की जाएगी।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डाo प्रवेश सिंह ने बताया कि प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय में हुई बैठक में खेल महोत्सव के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर उनके दायित्व तय किए गए। कुलपति ने कहा कि यह विश्वविद्यालय का प्रथम खेल महोत्सव है, इसलिए ऐसी परंपरा विकसित की जाए जो सभी के लिए स्वीकार्य हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हीं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो, जिनके लिए विश्वविद्यालय परिसर में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हों।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध 463 महाविद्यालयों को पत्राचार के माध्यम से सूचित किया जाएगा तथा प्रत्येक महाविद्यालय से यह लिखित सहमति ली जाएगी कि वह किन खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगा। इसके साथ ही प्रत्येक महाविद्यालय को अपने कॉलेज का लोगो 2×3 साइज के बैनर पर तैयार कर खेल महोत्सव से पूर्व खेल समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

खेल महोत्सव–2026 के अंतर्गत ट्रैक इवेंट, लॉन्ग जंप, शॉर्ट जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, टग ऑफ वार सहित महिला एवं पुरुष कबड्डी, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, हैंडबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खेलों में नामांकन/रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसके लिए नोडल पर्यवेक्षकों का अधिकार गठन किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खेल महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले महाविद्यालय को एक वर्ष के लिए रनिंग ट्रॉफी मुख्य अतिथि एवं कुलपति के हाथों प्रदान की जाएगी। साथ ही दीक्षांत समारोह में चैंपियंस ट्रॉफी के साथ महामहिम राज्यपाल के साथ विजेता महाविद्यालय की फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। संपूर्ण आयोजन में एनसीसी, एनएसएस एवं रोवर्स/रेंजर्स के कैडेट्स सहयोग प्रदान करेंगे।

बैठक में कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा, खेल सचिव प्रो. प्रशांत राय, प्रो. अमरजीत, डॉ. हरिलाल, प्रो. अर्पिता, डॉ. आसिम खान, डॉ. प्रवेश, डॉ. पंकज, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. मोहन, डॉ. रोहित, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. सौरभ, डॉ. अंकुर, डॉ. आकांक्षा, डॉ. अनुराग, डॉ. निधि, डॉ. शांभवी सहित कुलपति के निजी सचिव भूपेंद्र पांडे, विपिन शर्मा एवं पन्नेलाल उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment