किसान सम्मान दिवस व रबी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन, प्रगतिशील किसान सम्मानित

SHARE:

आजमगढ़ में स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान सम्मान दिवस…….

आजमगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को कृषि विभाग परिसर, आजमगढ़ में किसान सम्मान दिवस एवं जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह किसान परिवार से थे और उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में अन्नदाता किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए। किसानों के सम्मान की जो परंपरा आज दिखाई देती है, वह चौधरी चरण सिंह की ही देन है। उन्हीं की स्मृति में किसान सम्मान दिवस मनाया जाता है।

जिलाधिकारी ने गोष्ठी में उपस्थित किसानों से कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा लगाए गए सभी स्टालों का अवलोकन कर योजनाओं, कृषि यंत्रों, बीज, अनुदान आदि की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्टाल पर ऐसी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध हैं, जो किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में सहायक होंगी। एफपीओ से जुड़े किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान मिलने की भी जानकारी दी गई।

उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि जैविक खेती में भले ही उत्पादन थोड़ा कम हो, लेकिन बाजार में इसका बेहतर मूल्य मिलता है। साथ ही अधिक से अधिक किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में किसान सम्मान निधि, खाद-बीज सब्सिडी एवं ऋण जैसी सुविधाएं फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद की सड़कों पर अवैध कटों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जनहित में शीघ्र ही सभी अवैध कट बंद कराए जाएंगे और इसमें आमजन के सहयोग की अपेक्षा है। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और प्रतियोगिता के आधार पर चयनित 103 प्रगतिशील कृषकों एवं उद्यमियों को माला व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसानों को 7,000 रुपये, द्वितीय स्थान को 5,000 रुपये तथा विकास खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार ने विभागीय योजनाओं एवं अनुदान की जानकारी दी तथा धान व गन्ने की पराली न जलाने, उसे सड़ाकर खेत में प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने तिलहनी फसलों को अपनाने और एफपीओ सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक श्री गोपाल दास गुप्ता, उप निदेशक कृषि रक्षा श्री जनार्दन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, मत्स्य, उद्यान, भूमि संरक्षण, आत्मा परियोजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment