शिकायतों के निस्तारण की अच्छी गुणवत्ता वाले अधिकारी व कर्मी सम्मानित….
आजमगढ़, 23 दिसम्बर।जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सुशासन सप्ताह– प्रशासन गाँव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह अभियान 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक प्रदेश भर में शासन के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि सुशासन सप्ताह का मुख्य उद्देश्य ग्रामों में जाकर जनता की शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करना तथा पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक व तहसील स्तर के अधिकारी ग्रामों में जाकर स्वयं स्थिति का आकलन करें और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, लेखपालों, सचिवों, पंचायत सहायकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, सफाईकर्मियों एवं ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान कार्यक्रम से अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर सर्वाधिक शिकायतों अथवा असंतुष्ट फीडबैक वाले ग्रामों में जिला स्तरीय अधिकारी विशेष शिविर लगाकर लंबित शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करें। साथ ही छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के आवेदन भरवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, तभी सुशासन सप्ताह का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल होगा। सम्मानित होने वालों को बधाई देते हुए जिलाधिकारी ने आशा व्यक्त की कि वे आगे भी पूरे उत्साह व ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे और अन्य लोगों को भी अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीसी मनरेगा श्री राम उदरेज यादव ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री गंभीर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




