महीनों से चलता रहा गौकशी का खेल, जंगल से मिले दर्जनों मृत गौवंश के अवशेष!

SHARE:

हड्डियों और खून से सने गड्ढों ने खोली पोल, ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने की कार्यवाही…..

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के डेमरी मकदूमपुर गांव स्थित घने जंगल में मंगलवार को बड़े पैमाने पर गौकशी का खुलासा होने से इलाके में हड़कंप मच गया। जंगल के भीतर दर्जनों की संख्या में मृत गोवंशों के अवशेष, हड्डियों के ढेर और खून से सने सुरंगनुमा गड्ढे मिले हैं। इन गड्ढों में कथित तौर पर गोवंश का खून छिपाया जाता था। मौके पर मिले अवशेषों से यह स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से सुनियोजित ढंग से गौकशी का अवैध कारोबार चल रहा था।

स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बीते कई दिनों से जंगल में गोवंश लाकर उनकी हत्या की जा रही थी। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बनाया है, जिसमें गोवंश के अवशेष और खून से सने गड्ढे साफ नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद सरायमीर थाना पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।

मामले को लेकर सीओ फूलपुर ने फोन पर बताया कि सरायमीर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बरामद सभी जीवित गोवंशों को सुरक्षित गौशाला में पहुंचा दिया गया है।

इस घटना पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिले में पहले भी अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई कर कई आरोपियों को जेल भेजा गया है और गैंगस्टर एक्ट तक लगाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में ठोस और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मिलने को मजबूर होंगे।

घटना के सामने आने के बाद से एसओजी और स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। सूत्रों के अनुसार बुधवार दोपहर बाद एसओजी की टीम ने डेमरी मकदूमपुर गांव से कई लोगों को उठाकर पूछताछ के लिए थाने ले गई है। मामले की जांच जारी है और आगे और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment