पेंशनर दिवस में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा……
आजमगढ़, 17 दिसम्बर। उ०प्र० शासन वित्त सेवाएं एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केन्द्र में मंगलवार को पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी, पेंशनर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों गिरीश चन्द्र चतुर्वेदी, उदय राज यादव, शीतल प्रसाद श्रीवास्तव, इन्द्रासन सिंह, रमाकान्त सिंह, सूर्यदेव मिश्र सहित अन्य ने पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा।
इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने पेंशनरों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समय से प्रमाण-पत्र पूर्ण कराने का आग्रह किया। पेंशनर दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह ने की। उन्होंने पेंशनरों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।




