जिलाधिकारी ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और बच्चों की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर….
आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्वलन एवं मशाल जलाकर, साथ ही गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता 17 से 18 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है।
शुभारंभ के बाद अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद बच्चों ने मार्च पास्ट, पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साह और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया है। ठंड को देखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम को संक्षिप्त रखा गया है, जबकि जिन बच्चों को मंच पर अवसर नहीं मिल सका, उन्हें आजमगढ़ महोत्सव में प्रस्तुति का मौका दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोपरि बताते हुए बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता स्थल पर अलाव और गर्म पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर अनुभवी चिकित्सकों की मेडिकल टीम तैनात की जाए, जो ठंड से संबंधित व अन्य आवश्यक दवाओं के साथ मौके पर मौजूद रहे।
उन्होंने प्रतियोगिता के संचालन में पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि रेफरी और कोच किसी भी प्रकार का पक्षपात न करें। केवल वही प्रतिभागी विजयी घोषित हों, जो वास्तव में जीत के हकदार हों, ताकि आगे मंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए योग्य प्रतिभाओं का चयन हो सके। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि आजमगढ़ के बच्चों में मंडल और राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चयन और सकारात्मक वातावरण से ही बच्चे आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने विशेष रूप से सूर्य नमस्कार की प्रस्तुति को सराहनीय बताया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दिन छोटा होने और कोहरे की स्थिति को देखते हुए प्रतियोगिता अंधेरे में न कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रतियोगिता की अवधि एक दिन और बढ़ाई जा सकती है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विवाद रहित और सौहार्दपूर्ण माहौल में प्रतियोगिता संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री राजीव पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।




