दहेज उत्पीड़न का आरोप, 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप!

SHARE:

मृतिका का विवाह 18 मई 2025 को हुआ था….

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के कौंरागहनी गांव में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार करिश्मा (23) पुत्री विजेंद्र, निवासी ग्राम लखमापुर थाना खेतासराय जनपद जौनपुर का विवाह 18 मई 2025 को दिलीप कुमार पुत्र बहादुर, निवासी ग्राम कौंरागहनी थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ के साथ हुआ था। मंगलवार 16 दिसंबर 2025 को लगभग 11 बजे करिश्मा की मां बबिता को ससुराल से फोन कर बताया गया कि करिश्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही बबिता अपने बेटे के साथ कौंरागहनी पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी बेटी का शव घर में पड़ा देखा। परिजनों के अनुसार ससुराल पक्ष ने बताया कि करिश्मा की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उसे इलाज के लिए कहीं नहीं ले जाया गया और उन्हें पूरी आशंका है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।

संदिग्ध परिस्थितियों मृत विवाहिता का फाइल फोटो
संदिग्ध परिस्थितियों मृत विवाहिता का फाइल फोटो

मृतका की मां बबिता का कहना है कि शादी के महज दस दिन बाद से ही ससुराल पक्ष अपाचे बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहा था और दहेज को लेकर करिश्मा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस संबंध में बबिता ने थाना सरायमीर में प्रार्थना पत्र देकर पति दिलीप कुमार समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment