जन जीवन प्रभावित, वाहनों के रफ्तार पर लगा ब्रेक….

आजमगढ़/वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में आज मौसम ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, मऊ, बलिया, देवरिया सहित कई जिलों में दृश्यता काफी कम रही और सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में कहीं कहीं आंशिक धूप निकलने के आसार हैं, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते गलन बनी रहेगी। आज अधिकतम तापमान सुबह नौ बजे करीब 12 डिग्री सेल्सियस रही जब की पूरे दिन में 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

सुबह और देर शाम घना कोहरा छाए रहने से हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी है। ठंड बढ़ने से बाजारों में गर्म कपड़ों और अलाव की मांग भी बढ़ गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक पूर्वांचल में ठंड और कोहरे का यह सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




