सेना में लेफ्टिनेंट बने सुधांशु तिवारी, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत!

SHARE:

गाँव में गर्व और उत्साह का माहौल……

आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के धर्मा पट्टी गांव निवासी सुधांशु तिवारी के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। 157वें बैच के अंतर्गत इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट बनने के बाद मंगलवार को जब सुधांशु तिवारी अपने गांव पहुंचे तो अतरौलिया–लोहरा टोल प्लाजा पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

जिला पंचायत क्षेत्र नंदना से प्रत्याशी एवं पंडित जगदीश मेमोरियल अस्पताल के निदेशक गणेश दत्त दुबे तथा भाजपा युवा मोर्चा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवाओं व समर्थकों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया और मुंह मीठा कराकर उत्साहवर्धन किया। बताया गया कि सुधांशु तिवारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उर्मिला मेमोरियल इंटर कॉलेज, अतरौलिया से प्राप्त की। इसके बाद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की पढ़ाई दिल्ली से पूरी की। एनडीए के माध्यम से उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ, जिससे परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

सुधांशु तिवारी के पिता गोरखनाथ तिवारी दिल्ली स्थित होंडा कंपनी में सर्विस एडवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े भाई विवेक तिवारी सेल्समैन हैं, जबकि बहन दिव्या तिवारी का विवाह हो चुका है। गांव पहुंचने पर मां सुमन तिवारी ने बेटे का भावुक स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, गणमान्य नागरिक व युवा मौजूद रहे और सुधांशु तिवारी को देशसेवा के इस गौरवपूर्ण क्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों ने कहा कि उनकी सफलता से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और देशसेवा के प्रति उनका उत्साह और अधिक बढ़ेगा।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment