खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा ने मोहा नगर, जगराते की तैयारियों से गूंजा महराजगंज!

SHARE:

श्याम बाबा के जयकारों से पूरा नगर……

आजमगढ़। नगर पंचायत महराजगंज में खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। श्याम बाबा के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा और जगह-जगह पुष्पवर्षा से भक्तिमय माहौल बन गया।

निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया। आयोजक समिति द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं स्थानीय पुलिस बल यात्रा के साथ चल रहा था, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

आयोजकों ने बताया कि निशान यात्रा के उपरांत नगर में रात्रि जगराते का भव्य आयोजन किया जाएगा। जगराते में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा खाटू श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति होगी। साथ ही बाबा की आकर्षक झांकी, फूलों की सजावट और विशेष आरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जगराते में शामिल होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और नगर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment