बजबजाती नाली बनी बीमारी की जड़, बाजार क्षेत्र में गंदगी से लोग परेशान!

SHARE:

निर्मित नाली अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही…..

बरदह, आजमगढ़। स्थानीय बाजार क्षेत्र में फैली गंदगी अब गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बनती जा रही है। मुख्य चौराहे स्थित अंबेडकर प्रतिमा से थाना परिसर मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इसी स्थान पर प्रतिदिन शाम के समय हरी सब्जी व नाश्ते के ठेले लगाए जाते हैं, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

स्थिति उस समय और भयावह हो जाती है जब मुख्य बाजार के निकास पर थाना परिसर की बाउंड्री से सटाकर सड़क विभाग द्वारा निर्मित नाली अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है। सड़क के पानी की निकासी के लिए बनाई गई यह नाली सड़क से लगभग एक फीट ऊंची है, जिससे सड़क का पानी इसमें प्रवेश ही नहीं कर पाता। इसके चलते अन्य गंदा पानी नाली में भरकर बीच बाजार में बजबजाने लगा है।

हैरानी की बात यह है कि इस नाली का कोई स्पष्ट निकास मार्ग भी नहीं बनाया गया है। नाली निर्माण के दौरान बाजार की अन्य नालियों को ढकने की व्यवस्था तक नहीं की गई, जिससे खुले में बहती गंदगी के कारण आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थ दूषित हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों का कहना है कि इस हालात में बाजार में खाद्य सामग्री खरीदना भी जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली की सफाई और जल निकासी की जिम्मेदारी संबंधित विभागों में स्पष्ट रूप से तय की जाए तथा तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि समय रहते कदम न उठाए गए तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment